पुलिस ने लौटाई लोगों को उनकी मुस्कान, डेढ़ करोड़ कीमत के 6 सौ से ज्यादा मोबाइल लौटाए
पुलिस ने महज एक महीने में ही डेढ़ करोड़ रूपये कीमत के 600 से ज्यादा मोबाइल फोन ढूंढ निकाले हैं। जिन्हे जब उनके मालिकों को सौंपा गया तो वह सभी गदगद हो गए। पुलिस ने इन मोबाइलों को अलग-अलग राज्यों से ट्रेस कर बरामद किये हैं। तस्वीरें एमपी के विदिशा जिले की हैं। जहां पुलिस ने मिशन मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सिर्फ एक महीने के अभियान में करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के 603 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। यह मोबाइल फोन केवल मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों से ट्रेस कर बरामद किए गए। इन मोबाइल फोन को पुलिस लाइन कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक धारकों को सौंपा गया। एसपी रोहित काशवानी की मौजूदगी में मोबाइल फोन लोगों को लौटाए गए। पुलिस ने टेक्नोलॉजी और सर्विलांस की मदद से इन मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया।
एसपी रोहित काशवानी के मुताबिक जिन लोगों के मोबाइल खो गए थे या चोरी हो गए थे। उनकी शिकायतों के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। करीब एक महीने की लगातार मेहनत के बाद अलग-अलग जिलों और राज्यों से मोबाइल बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि विदिशा पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है। साल 2025 से अब तक पुलिस कुल 1715 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस दिला चुकी है। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 72 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।-