सागर- TET परीक्षा के खिलाफ सड़कों पर उतरे शिक्षक! रैली निकालकर सरकार को दी चेतावनी | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश में TET परीक्षा को अनिवार्य किए जाने के विरोध में अब शिक्षक खुलकर सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का अभियान शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सागर में भी सैकड़ों शिक्षकों ने रैली निकालकर सरकार के फैसले का विरोध किया। मध्यप्रदेश के सागर में शासकीय शिक्षक संगठन म.प्र. और मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर शिक्षकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को सैकड़ों शिक्षक पहलवान हनुमान मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां से सभी शिक्षक हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे और मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर TET परीक्षा का विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का कहना है कि पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए TET परीक्षा को अनिवार्य करना अनुचित है। उनका कहना है कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर दोबारा परीक्षा का दबाव बनाना उनके साथ अन्याय है। इस आंदोलन को मध्यप्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, राज्य कर्मचारी संघ, अपाक्स, म.प्र. शिक्षक कांग्रेस, लघुवेतन कर्मचारी संघ, प्रांतीय शिक्षक संघ, राज्य शिक्षक कांग्रेस और अध्यापक-गुरूजी संघ सहित कई कर्मचारी संगठनों का समर्थन मिला।
शासकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने TET परीक्षा की अनिवार्यता को वापस नहीं लिया, तो प्रदेशभर के शिक्षक इस परीक्षा का बहिष्कार करेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं शिक्षिका कृष्णा साहू ने भी कहा कि शिक्षक लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था को संभाल रहे हैं और उनके अनुभव को नजरअंदाज कर दोबारा परीक्षा लेने का फैसला गलत है। फिलहाल शिक्षकों का यह विरोध प्रदर्शन प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि सरकार शिक्षकों की इस मांग पर क्या फैसला लेती है।