Sagar- सेंट्रल बैंक में आग लगने से हड़कंप, धुँआ देखते ही कर्मचारियों में लगी दौड़े
सागर जिले के बहरोल में स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में शुक्रवार सुबह आग लग गई। धुआं उठते देख शाखा में मौजूद कर्मचारी और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग बाहर आ गए। आग बुझाने की मशक्कत शुरू की। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर फाइटर ने मौके पर पहुंचकर कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, बहरोल में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा है। शुक्रवार को रोजाना की तरह बैंक शाखा खोली गई। कर्मचारी पहुंचे। सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ बैंक में लगी थी। तभी अचानक शाखा के अंदर से धुआं उठना शुरू हो गया। धुआं उठते देख बैंक में हड़कंप मच गया। सभी लोग तत्काल बाहर निकले। फायर फाइटर को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों ने बॉल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की मशक्कत शुरू की। इसी दौरान फायर फाइटर गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया गया। आगजनी में बैंक के पर्दे जले हैं। फर्नीचर को भी नुकसान हुआ है। सूचना पर बहरोल पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस कारणों की जांच कर रही है।