तेज रफ़्तार वाहन की वजह से नहीं बच सका तेंदुआ, सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में
तेज रफ़्तार वाहनों की स्पीड जंगली जानवरों और वन्य जीवों की जान जाने का कारण बन रही है। लगातार इस तरह के मामले सामने आते रहते हैं। इसी तरह एक तेंदुए की जान भी अज्ञात वाहन की टक्कर की वजह से चली गयी। घटना नरसिंहपुर जिले के नेशनल हाईवे 44 से सामने आई है। जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए की डेड बॉडी को बरामद किया।
नरसिंहपुर जिले के नेशनल हाईवे 44 पर झिराघाटी के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौके पर ही जान चली गई। जानकारी के मुताबिक यह इलाका वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले नौरादेही अभ्यारण से जुड़ा हुआ जंगल क्षेत्र है। जहां अक्सर वन्य जीवों की आवाजाही रहती है। घटना की सूचना मिलने के बाद सुआतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए वन विभाग को जानकारी दी गयी। जिसके बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
वहीं दूसरी तरफ इस घटना के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि नौरादेही अभ्यारण क्षेत्र में वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं। लगातार सड़क हादसों में वन्य जीवों की जान जाने से वन विभाग की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में सुआतला थाना प्रभारी प्रियंका केवट ने जानकारी दी।