ज्योति टॉकीज कॉम्प्लेक्स में हड़कंप, बेसमेंट में भरा गंदा पानी, नाराज व्यापारियों ने लगाया जाम
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर स्थित ज्योति टॉकीज कॉम्प्लेक्स में उस समय हड़कंप मच गया जब कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में अचानक गंदा पानी भर गया। इस वजह से वहां संचालित कई दुकानों में रखा मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान खराब हो गया। घटना के बाद आक्रोशित व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर दिया। दरअसल ज्योति टॉकीज कॉम्प्लेक्स के पास इन दिनों सड़क निर्माण का काम चल रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पानी की निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई। इसी लापरवाही के कारण सुबह मार्केट खुलने से पहले ही कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में गंदा पानी भर गया।
ज्योति टॉकीज कॉम्प्लेक्स को एमपी नगर का सबसे बड़ा मोबाइल मार्केट माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानें संचालित होती हैं। पानी भरने से कई दुकानों में रखा महंगा इलेक्ट्रॉनिक सामान और मोबाइल एक्सेसरीज़ खराब हो गईं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। इस घटना से नाराज दुकानदारों ने ज्योति टॉकीज चौराहे पर अपनी दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान प्रशासन ने उचित प्रबंध नहीं किए, जिसके कारण उन्हें इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों की मांग है कि जल्द से जल्द बेसमेंट से पानी की निकासी कर सफाई कराई जाए और सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। वहीं आक्रोशित व्यापारियों ने एमपी नगर क्षेत्र में चक्का जाम भी कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल प्रशासन द्वारा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।