सागर- सत्यम होटल के पास फोरलेन पर अज्ञात वाहन से युवक की मौत, दो पहुंचे अस्पताल | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सत्यम होटल के पास फोरलेन सड़क पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की है। सेमा सत्ता ढाना निवासी अतुल धानक, मोहन धानक और राजा राम धानक मोटरसाइकिल से बड़तूमा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक शादी समारोह में बैंड बजाने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बहेरिया थाना क्षेत्र के सत्यम होटल के पास फोरलेन सड़क पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। इस दौरान राजा राम धानक के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं अतुल धानक और मोहन धानक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक राजा राम के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बैंड बजाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।