स्क्रैप गोदाम में भीषण आग, फ्रिज-वाशिंग मशीन का कबाड़ जलकर खाक, लाखों का नुकसान
एमपी के खंडवा में मंगलवार को आग का भयावह मंजर देखने को मिला, जब पंधाना रोड स्थित एक स्क्रैप गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के मुताबिक गोदाम में बड़ी मात्रा में पुराने फ्रिज, वाशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कबाड़ रखा हुआ था। आग लगने के बाद इन सभी सामानों ने तेजी से आग पकड़ ली, जिससे कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिसे देखकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। हालांकि खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई थी और दमकल की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई थी। इस आगजनी की घटना में गोदाम में रखा स्क्रैप का भारी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 6 से 7 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पदमनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग भड़की हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
दमकल विभाग और पुलिस की टीम मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं, जिससे आग को आसपास के अन्य गोदामों और मकानों तक फैलने से रोका जा सका। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए मामले की जांच जारी होने की बात कही है।