सागर और दमोह 11 मार्च को आएंगे मुख्यमंत्री, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां, संभावित स्थलों का निरीक्षण
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के दौरे पर रहेंगे जिसमें सागर और दमोह जिले के हटा विधानसभा क्षेत्र में 11 मार्च को मुख्यमंत्री Mohan Yadav के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कार्यक्रम स्थल और व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर और पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने हटा विधायक Uma Devi Khatik के साथ संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हटा नगर के विभिन्न स्थानों का दौरा कर कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड के लिए उपयुक्त जगहों का चयन करने की प्रक्रिया शुरू की।
निरीक्षण के बाद जनपद पंचायत हटा के सभाकक्ष में एक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम हटा विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री क्षेत्र में स्वीकृत कई विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण कर सकते हैं। इसके साथ ही संभावना जताई जा रही है कि यहां से Ladli Behna Yojana से जुड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया जा सकता है।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए करीब 4 से 5 संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया है। अंतिम स्थल का चयन उच्च स्तर पर चर्चा के बाद किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे दिए गए हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था प्रोटोकॉल के अनुसार की जाएगी। संभावित कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड की व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार काम कर रही है। यदि कार्यक्रम महिला सम्मेलन के रूप में आयोजित होता है तो महिला पुलिस बल की तैनाती भी अधिक की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है।