फॉरेस्ट ऑफिसर के घर तक पहुँचा जंगल का राजा, पतौर रेंज में बाघ शावक की दस्तक से मचा हड़कंप
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब जंगल का राजा इंसानों के इलाके तक पहुंच गया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र में देर रात एक बाघ का शावक फॉरेस्ट अधिकारी के आवास परिसर तक पहुंच गया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग में हलचल मच गई है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जानकारी के मुताबिक पतौर रेंज के कार्यालय और परिक्षेत्र अधिकारी के निवास परिसर में देर रात एक बाघ शावक आराम से टहलता हुआ दिखाई दिया। यह नजारा वहां मौजूद लोगों के लिए हैरान करने वाला था, क्योंकि आमतौर पर बाघों की मौजूदगी जंगल के अंदर ही देखी जाती है।
हालांकि पतौर क्षेत्र टाइगर रिजर्व के कोर एरिया से सटा हुआ है, इसलिए यहां वन्यजीवों की आवाजाही समय-समय पर होती रहती है। लेकिन बाघ शावक का सीधे अधिकारी के आवास परिसर तक पहुंच जाना एक असामान्य घटना मानी जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बाघ शावक रात के सन्नाटे में परिसर के अंदर बेखौफ घूम रहा है। कुछ देर तक वह परिसर में टहलता रहा और फिर धीरे-धीरे वापस जंगल की ओर लौट गया।
घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने तुरंत सतर्कता बढ़ा दी है। कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और विशेष सावधानी बरतें। इस मामले में अनुपम सहाय, क्षेत्र संचालक, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने बताया कि पतौर क्षेत्र में बाघ शावक की मूवमेंट की जानकारी मिली है। वन विभाग की टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। फिलहाल वन अमला पूरे क्षेत्र में गश्त कर रहा है और शावक की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वन विभाग का कहना है कि टाइगर रिजर्व से लगे इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि जंगल और इंसानी बस्तियों की दूरी कम होने के कारण कभी-कभी ऐसे दृश्य सामने आ जाते हैं।