सोशल मीडिया पोस्ट पर थाने पर प थ रा व, पुलिस का ला ठी चा र्ज और फिर
मध्यप्रदेश के खंडवा में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अचानक तनाव की स्थिति बन गई। मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साई भीड़ सीधे थाने पहुंच गई और थाना परिसर में ही पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह पूरा मामला खंडवा के मोघट थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसे लेकर एक वर्ग विशेष की भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया गया। इस पोस्ट को लेकर शिकायत दर्ज कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग मोघट थाना पहुंचे थे। शुरुआत में पुलिस शिकायत की कार्रवाई कर रही थी, लेकिन इसी दौरान भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया और देखते ही देखते थाना परिसर में पथराव होने लगा। अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों में भी हलचल मच गई।
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज होते ही वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग अपनी चप्पल और जूते तक मौके पर छोड़कर भागते नजर आए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालात को काबू में करने के लिए कोतवाली और पदमनगर थाने का पुलिस बल भी बुलाया गया। एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।
पुलिस ने जिस व्यक्ति पर पोस्ट डालने का आरोप है उसे राउंडअप कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 199 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही इमलीपुरा सहित आसपास के इलाकों में पथराव करने वालों की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान भी चलाया गया, हालांकि अभी तक कोई आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान किसी भी अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।