शादी का झांसा देकर युवक से 40 हजार की ठगी, फोटो दिखाई, कागज पर साइन कराए और पैसे लेकर फरार
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में शादी कराने के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक से उसके ही गांव के व्यक्ति ने शादी कराने का झांसा देकर 40 हजार रुपये ठग लिए। महीनों बीत जाने के बाद भी न तो शादी हुई और न ही पैसे वापस मिले। परेशान होकर पीड़ित युवक अब न्याय की गुहार लगाने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा है। मामला बामौरकला थाना क्षेत्र के विजरावन गांव का है। यहां रहने वाले राहुल लोधी ने आरोप लगाया है कि गांव के ही सुरेश पंडा नाम के व्यक्ति ने उसे शादी कराने का भरोसा दिलाया था।
राहुल के अनुसार उसकी शादी नहीं हो रही थी, इसी बात का फायदा उठाकर सुरेश पंडा ने उससे संपर्क किया और कहा कि वह उसकी शादी तय करवा देगा। इसके लिए उसने 40 हजार रुपये की मांग की। शादी की उम्मीद में राहुल ने आरोपी की बात पर भरोसा कर लिया। पीड़ित राहुल ने बताया कि आरोपी ने उसे एक युवती की फोटो भी दिखाई और भरोसा दिलाया कि जल्द ही शादी करवा दी जाएगी। 26 सितंबर 2025 को राहुल ने सुरेश पंडा को 40 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी उसे शिवपुरी कोर्ट ले गया, जहां एक युवती भी मौजूद थी।
वहां एक सादे कागज पर राहुल और युवती के हस्ताक्षर कराए गए और कहा गया कि कुछ दिनों बाद युवती की विधिवत विदाई उसके घर से करा दी जाएगी। लेकिन समय बीतता गया और युवती की विदाई नहीं हुई। जब राहुल ने इस बारे में आरोपी से बात की तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। इतना ही नहीं, जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने पैसे लौटाने से भी साफ इनकार कर दिया और धमकी देने लगा।
पीड़ित का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत बामौरकला थाना में भी की थी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह शुक्रवार को शिवपुरी एसपी कार्यालय पहुंचा और लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राहुल का कहना है कि या तो उसकी शादी कराई जाए या फिर उसके 40 हजार रुपये वापस दिलाए जाएं।