सागर- अब रहली की इस पंचायत ने की शराब से तौबा, शराबबंदी की कर दी घोषणा !
शराब की वजह से न सिर्फ समाज में माहौल खराब होता है बल्कि परिवार भी बर्बाद हो जाते हैं। लेकिन वर्तमान समय में लोग जागरूक हो रहे हैं। इसी को लेकर लगातार शराबबंदी की मुहिम भी तेज हो गयी है। इसी तरह सागर जिले के रहली क्षेत्र में भी एक के बाद एक गांव में शराबबंदी होती जा रही है। अब ग्राम पंचायत छुल्ला के लोगों ने भी शराब से तौबा कर ली है। और सामूहिक रूप से इसे बंद करने की बात कही जा रही है। लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया। और गढ़ाकोटा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपते हुए कहा गया की गांव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए।
सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत छुल्ला में शराबबंदी को लेकर ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें गांव के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य गांव में बढ़ती शराबखोरी की समस्या पर चर्चा करना और इसके समाधान के लिए सामूहिक निर्णय लेना था। बैठक के दौरान सभी ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से गांव में शराबबंदी लागू करने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का कहना था कि शराब के कारण गांव में पारिवारिक विवाद,आर्थिक परेशानियां और सामाजिक समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। जिससे गांव का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव के विकास और सामाजिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए शराबबंदी बेहद जरूरी है। बैठक के बाद ग्राम पंचायत छुल्ला के प्रतिनिधि और ग्रामीण एकजुट होकर गढ़ाकोटा थाना पहुंचे। जहां उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर गांव में शराबबंदी लागू कराने साथ ही अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने अनुरोध किया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि अगर प्रशासन का सहयोग मिला तो वे अपने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। इस दौरान कई लोगों की मौजूदगी रही।