ड्यूटी के बाद रंगों में रंगी खाकी, पुलिस लाइन में होली मिलन, फाग गीतों पर झूमे अधिकारी-जवान
होली के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के बाद अब मध्यप्रदेश की राजधानी की भोपाल पुलिस भी रंगों के उत्सव में सराबोर नजर आई। राजधानी के नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित होली मिलन समारोह में पुलिस अधिकारी, जवान और उनके परिवारजन एक साथ रंग-गुलाल के साथ त्योहार की खुशियां मनाते दिखाई दिए। लगातार तीन दिनों तक सड़कों पर तैनात रहकर कानून-व्यवस्था संभालने वाली खाकी आज पूरी तरह मस्ती के रंग में नजर आई। भोपाल पुलिस लाइन में आयोजित इस खास समारोह में अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और फाग गीतों व फिल्मी गानों पर जमकर झूमे।
कार्यक्रम के दौरान डीजे की धुन पर पुलिसकर्मियों का उत्साह देखने लायक था। लंबे समय से ड्यूटी की थकान झेल रहे जवानों के लिए यह मौका किसी राहत से कम नहीं था। समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) मोनिका शुक्ला ने बताया कि होली के दौरान पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण वे त्योहार की खुशियां अपने परिवार के साथ नहीं मना पाते। इसलिए हर साल होली के अगले दिन पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह आयोजित किया जाता है, ताकि पुलिसकर्मी भी त्योहार का आनंद ले सकें।
उन्होंने बताया कि राजधानी भोपाल में होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है, जिसके लिए शहरवासियों का सहयोग भी सराहनीय रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहर के लोगों का आभार भी व्यक्त किया। गौरतलब है कि होली के दिन पूरे भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस के हजारों जवान अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहे। जब पूरा शहर रंगों में डूबा हुआ था, तब पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभा रहे थे। ऐसे में ड्यूटी पूरी होने के बाद पुलिस लाइन में आयोजित यह समारोह जवानों के लिए तनाव से राहत और खुशी का खास अवसर बन गया। रंग-गुलाल, संगीत और आपसी भाईचारे के बीच खाकी का यह रंगीन रूप देखने लायक रहा।