सागर- संगठन ने पकड़ी अवैध शराब फिर दी पुलिस को सूचना,11 पेटी समेत 2 गिरफ्तार
सागर जिले में जहां होली के मौके पर रंग गुलाल उड़ाकर होली मनाई जा रही थी। वहीं दूसरी तरफ देवरी थाना पुलिस को सफलता हाथ लगी। जहां अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गयी। 11 पेटी शराब के साथ पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया। शराब पकड़वाने में भगवती मानव कल्याण संगठन का अहम योगदान रहा। क्योंकि संगठन के सदस्यों ने बोलेरो कार से ले जाई जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ी और तत्काल पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाई की। मिली जानकारी के मुताबिक देवरी-रहली मार्ग पर संगठन के सदस्यों को सूचना मिली थी की एक बोलेरो वाहन में अवैध शराब परिवहन किया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली गई। जिसमें 9 पेटी लाल और 2 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई। साथ ही दो आरोपियों को भी पकड़ा गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची देवरी पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। गौरतलब है की भगवती मानव कल्याण संगठन नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। गांव-गांव जाकर लोगों को नशामुक्ति के लिए जागरूक भी कर रहा है। इस अभियान में भगवती मानव कल्याण संगठन को पुलिस प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। संगठन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में अवैध शराब व नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। वहीं पुलिस के मुताबिक अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।