होली पर महाकाल मंदिर में रंग-गुलाल ले जाने पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कार्यवाई
उज्जैन स्थित बाबा महाकाल मंदिर में होली के दौरान रंग-गुलाल लेन और लगाने पर पूरी तरह से प्रतिबन्ध रहेगा। केवल आरतियों के दौरान महाकाल को प्रतीकात्मक रूप से हर्बल गुलाल अर्पित किया जाएगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रशासन ने होली के मद्देनजर मंदिर परिसर और महाकाल लोक में रंग-गुलाल पर प्रतिबंध लगाया है। मंदिर प्रशासन ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने साफ़ किया है की गर्भगृह, नंदी मंडपम्, गणेश मंडपम्, कार्तिकेय मंडपम् समेत पूरे मंदिर परिसर और महाकाल लोक क्षेत्र में किसी भी प्रकार का रंग-गुलाल ले जाना, उड़ाना या आपस में लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बताया जा रहा है की मंदिर परिसर और महाकाल लोक में कार्यरत पुजारी, पुरोहित, प्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिसकर्मी, सुरक्षाकर्मी, सफाई कर्मचारी, सेवक और अन्य आउटसोर्स कर्मचारी भी रंग-गुलाल लेकर प्रवेश नहीं करेंगे न ही आपस में रंग लगाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए भी रंग-गुलाल लाना और लगाना वर्जित रहेगा। सभी प्रवेश द्वारों पर जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। निरीक्षक और सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए सघन जांच करेंगे। ताकि कोई भी व्यक्ति रंग-गुलाल या विशेष उपकरण लेकर परिसर में प्रवेश न कर सके। मंदिर कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक भगवान श्री महाकालेश्वर की त्रिकाल आरतियों के दौरान हर आरती में 1-1 किलोग्राम हर्बल गुलाल प्रतीकात्मक रूप से अर्पित किया जाएगा। यह हर्बल गुलाल मंदिर की कोठार शाखा द्वारा संबंधित पुजारियों को उपलब्ध कराया जाएगा। बताया गया की आदेशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।-