Sagar- होली पर ड्रोन निगरानी, नशे में ड्राइविंग पर 10 हजार जुर्माना, कैसी है तैयारी ?
होली के पर्व को लेकर सागर शहर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 24 घंटे मॉनिटरिंग का व्यापक प्लान तैयार किया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि होली पर नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने पर संबंधित चालक के खिलाफ 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
शहर और जिलेभर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पैदल पेट्रोलिंग, रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच तेज कर दी गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर चालान और त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस ने कटरबाजों, गुंडा तत्वों, निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों की विशेष जांच शुरू कर दी है। जिला बदर और प्रतिबंधित बदमाशों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। होटल, लॉज, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अवांछित गतिविधि पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।
नशे में वाहन चलाने वालों के अलावा ट्रिपल सवारी, ओवर स्पीडिंग, स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने पर भी नियम अनुसार चालान काटा जाएगा। जबरन रंग लगाने, हुड़दंग मचाने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों को मौके पर ही गिरफ्तार किया जाएगा।