कर्ज चुकाने के लिए बना चोर! कोचिंग के बाहर साइकिल चोरी करने वाली गैंग गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइकिल चोरी की वारदातों से परेशान छात्रों को आखिरकार राहत मिल गई है। कोचिंग सेंटर के बाहर से साइकिल चुराने वाली गैंग के दो शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। मामला पड़ाव थाना क्षेत्र के लक्ष्मीबाई कॉलोनी का है, जहां कोचिंग पढ़ने आने वाले छात्रों की साइकिलें लगातार चोरी हो रही थीं। छात्र और अभिभावक परेशान थे। आखिरकार लोगों ने खुद ही जाल बिछाया और दोनों चोरों को साइकिल चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में 19 वर्षीय आरोपी प्रिंस सेन निवासी गुढ़ा और उसके साथी 20 वर्षीय कुलदीप यादव निवासी सभरी धाम सिकंदर कंपू ने चौंकाने वाला खुलासा किया। दोनों दोस्त कोचिंग क्लास शुरू होने से पहले पहुंच जाते थे और जैसे ही छात्र अंदर पढ़ाई में व्यस्त होते, बाहर खड़ी साइकिल लेकर फरार हो जाते थे। अब तक वे 6 साइकिल चोरी कर चुके थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि उसके पिता पर कर्ज है और उसे चुकाने के लिए पिता उसे मजदूरी करने भेजते थे। लेकिन मेहनत से बचने के लिए उसने चोरी का रास्ता चुन लिया। वह साइकिल बेचकर आसानी से पैसा कमाना चाहता था।
इस पूरे मामले में रोबिन जैन ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या ये दोनों अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से छात्रों ने राहत की सांस ली है, वहीं युवाओं के गलत राह चुनने की यह कहानी समाज के लिए भी एक बड़ा सबक बनकर सामने आई है।