Sagar -अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म! समोसा वाले को मारने से 7 घंटे पहले ये लिख दिया था...
सागर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रानीपुरा गणेश मंदिर के पास घर में घुसकर समोसा बेचने वाले का मर्डर सुनियोजित था बदमाशों की गैंग ने एक आईडी 315 पर घटना के 7 घंटे पहले अपने फोटो के साथ लिखा था- बहुत जल्द एक दुर्घटना घटेगी भाई लोग...।
पुलिस ने मर्डर के मामले में 5 नाबालिगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के मोबाइल की जांच व पूछताछ में पुलिस को वारदात से जुड़े काफी अहम सुराग मिले हैं। वारदात के पीछे तीन तरह की बात सामने आ रही हैं। पहली गुनयाई का शक, दूसरी- प्रॉपर्टी का विवाद और तीसरी समोसा खाने के बाद 500 रुपए देकर छुट्टा मांगना। सभी एंगल से पुलिस जांच कर रही है। यह बात भी कही जा रही है कि बदमाशों ने हत्या की साजिश रचने के बाद कुछ तात्कालिक विवाद का रूप देने की कोशिश की थी
हमलावरों में 3 आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है। वे काफी शातिर हैं। इनमें 2 आरोपी कुछ दिन पहले मोतीनगर थाना क्षेत्र में कटर व चाकू से जानलेवा हमले के मामले में जमानत पर छूटे थे। शहर के पुरव्याऊ, एलिवेटेड कॉरिडोर, रानीपुरा, गंगा मंदिर, गणेश मंदिर, बंधान और काकागंज अयोध्या बस्ती, बाघराज कॉलोनी, पंतनगर, मोहननगर, केशवगंज, विवेकानंद वार्ड धर्मश्री में इनके मुख्य अड्डे हैं।
1 फरवरी को कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग ने अपने साथी के सीने में चाकू घोंप दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 10 फरवरी की रात राजीवनगर वार्ड में पारिवारिक विवाद में हत्या कर दी गई। 12 फरवरी की रात में शादी समारोह के दौरान बैंड बजा रहे नाबालिग की गोली मारकर हत्या के बाद 18 फरवरी की रात कैंट थानांतर्गत भैंसा में युवक की सिर कुचलकर हत्या हुई थी