मसाले की आड़ में शराब का काला खेल, 21 पेटी देशी मसाला शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मसाले के कारोबार की आड़ में अवैध शराब का भंडारण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंदरगंज थाना पुलिस ने फालका बाजार स्थित रामाय अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 61 पर छापा मारकर 21 पेटी देशी मसाला शराब जब्त की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मसाले के नाम पर एक फ्लैट में अवैध शराब का स्टॉक रखा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान फ्लैट से बड़ी मात्रा में देशी मसाला शराब की पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, यह फ्लैट डबरा निवासी रूपकिशोर गुप्ता ने किराए पर ले रखा था। रूपकिशोर मसाले का व्यापार करता है और इसी व्यवसाय की आड़ में अवैध शराब का भंडारण किए जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी और इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
थाना प्रभारी दीप्ति तोमर ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबार करने वालों को कड़ा संदेश गया है कि कानून की नजर से कोई नहीं बच सकता।