10वीं का पेपर देने जा रही 15 वर्षीय छात्रा की मौ त, ई-रिक्शा प ल टा और फिर घर नहीं लौटी
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 10वीं की परीक्षा देने जा रही 15 वर्षीय छात्रा दीपा अहिरवार की ई-रिक्शा पलटने से मौत हो गई। घटना ईसानगर चौराहा की है। जानकारी के मुताबिक, सहानिया गांव निवासी दीपा ई-रिक्शा से नौगांव स्थित परीक्षा केंद्र के लिए निकली थी। जैसे ही ई-रिक्शा ईसानगर चौराहा पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे खड़ी एक बाइक से टकराकर पलट गया। हादसे में दीपा को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बीएमओ डॉ. रविंद पटेल ने बताया कि छात्रा को गंभीर हालत में लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। दीपा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन सूरज अहिरवार ने भावुक होकर कहा कि दीपा परीक्षा देने जा रही थी, किसी ने सोचा भी नहीं था कि वह वापस नहीं लौटेगी। गांव में शोक की लहर है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ई-रिक्शा चालक की लापरवाही समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। एक होनहार छात्रा, जो अपने भविष्य की परीक्षा देने निकली थी, वह सड़क हादसे की शिकार हो गई। यह घटना न सिर्फ एक परिवार के सपनों को तोड़ गई, बल्कि सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन में सतर्कता की जरूरत को भी फिर उजागर कर गई है।