हेलीकॉप्टर से दुल्हनिया लेने पहुंचा दूल्हा, गांव में पहली बार दिखा शाही नजारा, आसमान से उतरी बारात
मध्य प्रदेश के रीवा जिले की जवा तहसील इन दिनों एक शाही शादी को लेकर सुर्खियों में है। यहां ग्राम बरौहा निवासी अमित सिंह बघेल ने अपनी बारात सड़क नहीं, बल्कि आसमान के रास्ते निकाली। 25 फरवरी को जब हेलीकॉप्टर गांव में उतरा, तो पूरा इलाका इस अनोखे नजारे को देखने उमड़ पड़ा। जानकारी के मुताबिक, अमित सिंह बघेल, जो पुणे में कंपनी संचालक हैं, का विवाह नगर परिषद डभौरा क्षेत्र के ग्राम जतरी निवासी रिया सिंह चौहान के साथ संपन्न हुआ। हेलीकॉप्टर ने बरौहा से उड़ान भरी और सीधे जतरी गांव में लैंडिंग की। जवा तहसील में पहली बार किसी बारात की इस तरह हेलीकॉप्टर से एंट्री हुई, जिसे देखने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक भारी भीड़ जुटी। हर कोई इस खास पल को मोबाइल कैमरे में कैद करता नजर आया।
दूल्हे अमित सिंह बघेल ने बताया कि यह उनके पिता की वर्षों पुरानी इच्छा थी। उनका सपना था कि करीब 60 किलोमीटर दूर बसे छोटे से गांव बरौहा को एक अलग पहचान मिले। अक्सर गांव का नाम लोगों के लिए अनजान रहता था, इसलिए परिवार ने तय किया कि शादी को कुछ ऐसा बनाया जाए, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें। इसी उद्देश्य से लखनऊ से विशेष रूप से हेलीकॉप्टर बुक कराया गया।
इतना ही नहीं, दुल्हन की विदाई भी हेलीकॉप्टर से ही की गई। आसमान से उड़ान भरती विदाई का दृश्य ग्रामीणों के लिए भावुक और रोमांचक दोनों रहा। इस शाही बारात ने न केवल शादी को यादगार बनाया, बल्कि जवा तहसील के इस छोटे से गांव को भी चर्चा में ला दिया। सोशल मीडिया पर भी यह शादी तेजी से वायरल हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार अपने गांव में ऐसा दृश्य देखा, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।