सागर- अलग-अलग मामलों में दो बाइक सवार पहुंचे अस्पताल, एक को करना पड़ा रैफर | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के खुरई क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना खुरई के रजवांस रोड स्थित धनौरा गांव के पास हुई। जहां तेज रफ्तार अज्ञात कार ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी घटना निर्तला-मंडीबामोरा रोड पर स्थित धंसरा गांव के पास बाइक सवार युवक को अज्ञात लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सागर रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक बाइक चालक घूमन राय निवासी बाहरपुर जो खुरई से अपने गांव जा रहा था। जिसे धनौरा गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार घायल हो गया। जिसे एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवक के चेहरे, सिर समेत अन्य जगहों पर चोटें आई हैं। घायल की पत्नी ने बताया कि उनके पति खुरई बाजार करने के लिए आए हुए थे। जहां से खरीददारी करने के बाद अपने गांव वापस लौट रहे थे। तभी एक कार चालक ने तेज और लापरवाही से कार चलाते हुए पति को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया।
वहीं दूसरी घटना निर्तला-मंडीबामोरा रोड से सामने आई। बाइक सवार सुरेंद्र अहिरवार निवासी मुकारमपुरा जो मंडीबामोरा से अपने गांव लौट रहा था। जहां धंसरा गांव के पास अज्ञात लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे खुरई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवक के एक पैर में फैक्चर समेत अन्य जगहों पर चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर किया गया था।