नशे में ड्यूटी! कंपाउंडर की बदसलूकी से वार्ड में हंगामा, जिला अस्पताल में
एमपी के सतना जिला अस्पताल में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वार्ड नंबर 6 में ड्यूटी पर तैनात एक कंपाउंडर कथित रूप से नशे की हालत में काम करता पाया गया। आरोप है कि कंपाउंडर शराब के नशे में मरीजों के बीच मौजूद था और उसने मरीजों के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना जिला अस्पताल सतना की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंपाउंडर न सिर्फ असंतुलित हालत में था, बल्कि परिजनों से पैसों की मांग भी कर रहा था। इससे वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। देर रात वार्ड में शोर-शराबा और हंगामे की स्थिति बन गई।
मरीजों के परिजनों ने तत्काल अस्पताल के गार्ड और अन्य कर्मचारियों को सूचना दी। जब गार्ड मौके पर पहुंचे तो कंपाउंडर उनसे भी उलझ पड़ा। हालात बिगड़ते देख सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा और उसे जबरन वार्ड से बाहर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि उसे एक अलग कमरे में बैठाकर नशा उतरने तक रोका गया। नशे में पकड़े गए कंपाउंडर का नाम शोभा बताया जा रहा है, जो नाइट ड्यूटी में तैनात था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह पहले भी शराब के नशे में ड्यूटी पर आता रहा है, लेकिन इस बार मामला खुलकर सामने आ गया।
घटना की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की गई है। मरीजों के परिजनों का कहना है कि जहां लोग इलाज और भरोसे के लिए अस्पताल आते हैं, वहां इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक है। अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर है—क्या इस गंभीर मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा?