हर वारदात के बाद छोड़ता था भड़काऊ पर्ची, शातिर चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार:
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली थाना पुलिस को एक माह पुरानी चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो चोरी के बाद घटनास्थल पर भड़काऊ संदेश लिखी पर्ची छोड़कर जांच को गुमराह करता था। मामला 17 जनवरी का है, जब हनुमान वार्ड करेली निवासी प्रमोद साहू अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा मिला। अंदर काउंटर की ट्रे का ताला भी तोड़ा गया था और उसमें रखे करीब 4 हजार रुपए और एक मोबाइल गायब थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ट्रे में एक भड़काऊ संदेश वाली पर्ची मिली, जिससे क्षेत्र में भ्रम और तनाव की स्थिति बन गई थी।
मामले में थाना करेली में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को आरोपी को चोरी की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अखिलेश लोधी (25) निवासी इमली डोल बारहा, थाना तेंदुखेड़ा जिला दमोह के रूप में हुई। आरोपी ने कबूल किया कि वह वर्ष 2018 से अलग-अलग जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। उसने छतरपुर, पन्ना, दमोह और जबलपुर सहित करीब आठ स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि वह हर वारदात के बाद एक कागज की पर्ची छोड़ देता था, ताकि लोगों को गुमराह कर सके और पुलिस जांच की दिशा भटका सके। चोरी किया गया मोबाइल उसने सूरज राजपूत नामक युवक को 1000 रुपए में बेच दिया था। पुलिस ने मोबाइल खरीदने वाले युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है। थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि आरोपी से और भी वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।