ट्रैक्टर से डलवाया गोबर, नगर परिषद कार्यालय के बाहर, पार्षद का अनोखा प्रदर्शन
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा नगर परिषद में शुक्रवार रात एक अनोखा और प्रतीकात्मक विरोध देखने को मिला। वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद खुशबू पृथ्वी यादव ने अपने वार्ड में लंबित विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद कार्यालय के सामने ट्रैक्टर से गोबर डलवाकर प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। पार्षद का आरोप है कि उनके वार्ड की कई गलियां लंबे समय से बंद पड़ी हैं। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं कराया गया है। उन्होंने बताया कि कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें करने के बाद भी नगर परिषद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वार्ड नंबर 15 की मुख्य सड़क पर स्थित काली माता मंदिर के सामने साधरे वाली गली लंबे समय से अवरुद्ध है। इसके अलावा हीरो एजेंसी वाली गली भी बंद पड़ी है। इन रास्तों के बंद होने से स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गंदगी और जलभराव की समस्या भी लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में नाराजगी है। इसी नाराजगी को प्रतीकात्मक रूप से जताने के लिए पार्षद ने नगर परिषद कार्यालय के सामने गोबर डलवाया। उनका कहना है कि जब शहर की हालत “गोबर जैसी” हो चुकी है, तो विरोध भी उसी अंदाज में किया जाएगा, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों को जनता की पीड़ा समझ में आए।
पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विकास कार्य शुरू नहीं किए गए, तो वे नगर परिषद अध्यक्ष के निवास के बाहर भी इसी तरह विरोध प्रदर्शन करेंगी। यह अनोखा प्रदर्शन अब करैरा ही नहीं, पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।