नेशनल हाईवे पर बस-वैन आई आमने-सामने और फिर 5 की मौत, 6 पहुंचे अस्पताल | SAGAR TV NEWS |
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-719 पर बस और ईको वैन की आमने-सामने भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार यात्री अंदर ही फंस गए। हादसा गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास रात करीब 2:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड आ रही थी, जबकि बस भिंड से ग्वालियर की ओर जा रही थी। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जयारोग्य हॉस्पिटल में चल रहा है। गोहद चौराहा थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में प्रदीप प्रजापति, अतुल शिवहरे, जगदीश भदौरिया, आनंद भदौरिया और वैन चालक भरत तिवारी शामिल हैं। घायलों में केतु (10), संतोष, मेवाराम, रमलाक्खन, मीरा और सुखवीर शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां अंधा मोड़ है। तेज रफ्तार और दृश्यता की कमी हादसे की वजह हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। इस हादसे के बाद संत समिति के जिला अध्यक्ष कालिदास महाराज ने सड़क सुरक्षा और हाईवे चौड़ीकरण को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। नेशनल हाईवे-719 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर दो साल से आंदोलन चल रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी मुलाकात हो चुकी है, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। एक बार फिर सवाल वही—आखिर अंधे मोड़ पर कब रुकेगी मौत की रफ्तार?