सागर- रिश्तेदार की शादी में गए ढाबा मालिक,चोर ले उड़े लाखों का सामान,DVR भी ले गए
सागर जिले के खुरई क्षेत्र में एक ढाबा मालिक शहर से बाहर रिश्तेदार की शादी में गए हुए थे। इधर चोर सूने घर में धाबा बोलते हुए लाखों की चपत लगा गए। हैरानी की बात ये है की घर में नगदी और गहने चोरी करने के दौरान चोर घर में रखा हुआ सामान तहस नहस कर गए। पलंग पर बिछे हुए गद्दों को फाड़ गए। घटना सागर जिले के खुरई शहरी थाना अंतर्गत जरवांस बायपास से सामने आई है। सागर जिले में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। आये दिन चोर घरों और दुकानों को निशाना बना रहे हैं। जबकि पुलिस के हाथ बहुत ज्यादा कुछ नहीं लग रहा है। इसी तरह चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाया। जहां से लाखों रूपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। यही नहीं चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तारों को भी काट दिया। और डीवीआर को अपने साथ ले गए।
लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से आम लोग दहशत में हैं। बताया गया की जरवांस बायपास पर इश्तयाक खान ढाबा चलाते हैं। ढाबे के बाजू में ही उनका घर बना हुआ है। इश्तयाक खान अपने परिवार के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए शहर से बाहर गए हुए हैं। चोर सूने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे। जहां उन्होंने अलमारी के लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर और नगदी समेत अन्य चीज ले गये। इश्तयाक खान की मां हाजरा बी ने बताया कि वह शहर में अन्य जगह पर रहती हैं। चोरी की सूचना के बाद वह यहां पहुंची। आकर देखा तो मकान का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने पूरे घर का सामन बिखेर दिया। बेटे और बहू के आने के बाद ही पता चलेगा की चोरी में क्या गया है। चोरों ने खुद को सीसीटीवी कैमरे से बचाने के लिए कैमरों की केबिलें काट दीं और डीवीआर भी साथ में ले गए हैं। फिलहाल शहरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।