Sagar- संकट में मिला राष्ट्रीय पक्षी मोर, ग्रामीणों ने वन विभाग को बुलाया, फिर हुआ ये
सागर जिले में इन दिनों आवारा कुत्ते जहां लोगों पर हमला कर रहे हैं तो वहीं पशु पक्षियों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बीना के बसाहरी गांव से सामने आया है। जहां राष्ट्रीय पक्षी मोर पर कुत्तों ने घायल कर दिया। ग्रामीणों ने कुत्तों से मोर को बचाया लेकिन तब तक वह घायल हो चुका था। ग्रामीणों ने वन विभाग काे इसकी जानकारी दी, वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया। इसके लिए एक बड़ी टोकनी और बोरी के सहारे काबू किया गया। इसके लिए टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल मोर को बीना स्थित वन विभाग की डिपो में सुरक्षित किया गया है। पशु चिकित्सक से उसका इलाज कराया गया। जानकारी के अनुसार मोर के पैर में चोट है और अभी उसकी हालत स्थिर है। गांव के उपसरपंच सुनील तिवारी ने बताया कि एक मोर घायल अवस्था में है। इसके बाद वन विभाग की टीम को सूचना दी गई थी। गांव और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर पाये जाते हैं। यहां गांव के घरों के ऊपर यह स्वच्छंद रूप से विचरण करते हैं। वन विभाग के अनुसार इलाज के बाद मोर को सुरक्षित उसके क्षेत्र में छोड़ दिया जायेगा।