अचानक अस्पताल पहुंचे कलेक्टर साहब व्यवस्थाएं देख नाराज़ हो गए, दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर अचानक से एक सरकारी अस्पताल में औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। जिससे मौजूद स्टाफ सकपका गया। जब कलेक्टर ने मरीजों से बात की और जानकारी ली तो अस्पताल प्रबंधन की झाइयां उड़ गयी। कमियां मिलने पर उन्होंने डॉक्टरों को फटकार भी लगा दी। मामला उमरिया जिले के पाली से सामने आया। जहां कलेक्टर धरनेंद्र जैन ने पाली सामुदायिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर स्थित एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में निरीक्षण के दौरान रसोई में न तो पोषक सब्जियां मिलीं और न ही दूध उपलब्ध था।
कलेक्टर के पहुंचने के बाद दूध मंगाया गया। स्टॉक रजिस्टर भी कई महीनों से अपूर्ण पाया गया। जिस पर पूरा रिकॉर्ड कलेक्टर कार्यालय तलब किया गया है। इसके अलावा रात के समय ड्यूटी को लेकर भी सवाल उठे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया की जरूरत के समय डॉक्टर फोन तक रिसीव नहीं करते। कलेक्टर ने डॉक्टरों की कमी का हवाला देते हुए ऑन-कॉल व्यवस्था की बात कही।
दरअसल कलेक्टर ने मरीजों से मुलाकात कर सुविधाओं की जानकारी ली और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। बीएमओ पुट्टू लाल सागर अनुपस्थित पाए गए। वहीं कुछ डॉक्टरों के अव्यवस्थित पहनावे पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। मौके पर जो भी कमियां मिली हैं उन्हें कलेक्टर धरणेन्द्र जैन ने दूर करने को कहा है।