एक मकान छत पर रखे ऑयल पेंट के डब्बे अचानक फटे और फिर पुलिस जांच में जुटी
मध्य प्रदेश के देवास शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शालिनी रोड स्थित एक मकान की छत पर रखे ऑयल पेंट के डब्बों में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान की छत पर पुराने ऑयल पेंट के 3 से 4 डब्बे रखे हुए थे। अचानक तेज आवाज के साथ वे फट गए और डब्बों के टुकड़े छत पर बिखर गए। शुरुआती आशंका है कि भीषण गर्मी या रासायनिक प्रतिक्रिया के चलते डब्बों के भीतर गैस बन गई, जिससे दबाव बढ़ा और विस्फोट जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही नाहर दरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने फटे हुए खाली डब्बों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि फिलहाल यह प्राथमिक जांच में रासायनिक दबाव के कारण डब्बे फटने का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही या अन्य कारणों की पुष्टि की जा सके।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन अचानक हुए धमाके ने इलाके में दहशत का माहौल जरूर बना दिया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ज्वलनशील या रासायनिक पदार्थों को खुले और सुरक्षित स्थान पर ही रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस रिपोर्ट के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो पाएगा।