आरती-अजान एक साथ… फिर पथराव ! पुलिस ने 49 को किया गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील में गुरुवार रात आरती और अजान एक साथ होने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़, मारपीट और पथराव के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने अब तक 49 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना सिहोरा के खितौला क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार रात करीब 9 बजे मंदिर में आरती और पास की मस्जिद में अजान एक ही समय पर हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
मंदिर समिति के सदस्य अंकेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि नमाज के बाद 50 से 70 लोगों की भीड़ मस्जिद से बाहर आई और विवाद शुरू कर दिया। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ की और उन्हें अंदर से घसीटकर बाहर निकालकर मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मस्जिद परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां पत्थर और मलबा पड़ा था। आरोप है कि इन्हीं पत्थरों से करीब 20 से 25 मिनट तक पथराव किया गया। इस दौरान मंदिर का कांच टूट गया और कई लोग घायल हो गए।
स्थिति बिगड़ते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय ने हालात का जायजा लिया। खितौला, गोसलपुर और पनागर समेत 12 से ज्यादा थानों का बल तैनात किया गया। प्रशासन ने फ्लैग मार्च भी किया। शुक्रवार को कुछ हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव कर कड़ी कार्रवाई की मांग की और सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। दोपहर में फिर तनाव की स्थिति बनी, हालांकि पुलिस ने हालात नियंत्रित कर लिए। एसपी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।