बेटी की शादी के लिए पाई-पाई की इकट्ठा,एक फोन कॉल से हुई 4 लाख की ठगी
पिता ने बेटी की शादी के लिए मेहनत कर पाई-पाई इकट्ठा की, लेकिन एक फोन कॉल आया और बैंक खाते से 4 लाख रूपये पार हो गए। अब परेशान व्यक्ति ने बैंक और थाने में आवेदन देकर कार्यवाई की गुहार लगाई है। ऑनलाइन ठगी का यह मामला दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक इलेक्ट्रिशियन इसका शिकार हुआ है। उसके खाते से करीब 4 लाख रुपये पार हो गए। जानकारी के मुताबिक मट्ठूलाल चौरसिया के पास अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मोनू दास बताते हुए प्रलोभन देकर ज़रूरी जानकारी लेने का प्रयास किया। हालांकि पीड़ित ने किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी देने से इंकार कर दिया। लेकिन फोन कॉल ठीक से कट नहीं हो पाया। अगले दिन सुबह जब पीड़ित ने फोन-पे के माध्यम से एक व्यक्ति को भुगतान करने का प्रयास किया तो ट्रांजेक्शन असफल हो गया। इसके बाद खाते का बैलेंस चेक करने पर उसमें से रकम गायब देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने संबंधित बैंक शाखा में जानकारी ली तो पता चला की उनके खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में एक बार 2 लाख रुपये और दूसरी बार 1,99,600 रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर हो गए हैं। कुल मिलाकर करीब 4 लाख रुपये की ठगी हुई है। मठ्ठूलाल चौरसिया के मुताबिक उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए मजदूरी कर-करके यह रकम जमा की थी। अचानक इतनी बड़ी राशि निकल जाने से परिवार गहरे सदमे में है।
पीड़ित ने बैंक अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से राशि वापस दिलाने और अज्ञात ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।