आलू की आड़ में राष्ट्रीय पक्षी की तस्करी ! बस स्टैंड पर ट्रक से मिला मृ त मोर, दो युवक पकड़े गए
मध्यप्रदेश के विदिशा बस स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार को राष्ट्रीय पक्षी मोर की तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आलू से भरे एक ट्रक से मृत मोर बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में इटावा, उत्तर प्रदेश के दो युवकों को पकड़ा गया है। जानकारी के अनुसार, सनातन संघ की प्रमुख प्रियंका रघुवंशी और उनके साथियों को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए मोर की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही संघ के सदस्य मौके पर पहुंचे और संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।
ट्रक की जांच के दौरान उसमें दो युवक सवार मिले, जो इटावा, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो आलू की बोरियों के बीच एक मृत मोर मिलने की बात सामने आई। राष्ट्रीय पक्षी से जुड़ा मामला होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई। संघ के कार्यकर्ताओं ने तत्काल दोनों युवकों और मृत मोर को कोतवाली पुलिस विदिशा के हवाले कर दिया। पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ के बाद मामले की सूचना वन विभाग को भी दे दी है। मृत मोर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मोर की तस्करी गंभीर अपराध है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या यह कोई बड़ा नेटवर्क है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। फिलहाल कोतवाली पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हैं। राष्ट्रीय पक्षी से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।