जिस किरायेदार को सौंपा घर, वही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, लाखों की चपत लगा दी
कहते हैं की कभी-कभी खुद के दांत ही जीभ को काट लेते हैं आज के दौर में जिस पर भी भरोसा करो बहुत ही सोच समझकर करो, कुछ ऐसा ही एक मामला भी सामने आया जिसे सोचने पर मजबूर कर दिया। मतलब जिस किरायेदार को मकान मालिक ने पूरे घर का जिम्मा सौंप दिया उसी की नीयत ख़राब हो गयी और उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। मामला नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा से सामने आया है। जहां किरायेदार ही चोरी का मास्टरमाइंड निकला है। गाडरवारा पुलिस ने चोरी की घटना का ख़ुलासा किया। जिसे सुनकर आपका इंसान और इंसानियत से भरोसा उठ जाएगा।
यह पूरा मामला गाडरवारा थाना क्षेत्र का है जहां बीते दिनों हुई 12 लाख की चोरी का पुलिस ने ख़ुलासा किया। पुलिस ने बताया की पंचवटी कॉलोनी में रहने वाला 35 साल का दीपक एक मकान में किराये से रहता था। मकान मालिक ने विश्वास करके पूरे घर का ज़िम्मा दीपक वर्मा के भरोसे छोड़ रखा था। लेकिन उसने लालच में आकर भरोसे का खून कर दिया और उस घर में ही हाथ साफ़ कर दिया जिस घर में वो किरायदार बनकर लंबे समय से रह रहा था। और तो और वह खुद ही चोरी की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुँचा। इस पूरे मामले में पुलिस को लंबे समय तक गुमराह करता रहा।
लेकिन पुलिस की गहन पूछताछ और मुखबिर की सूचना पर गाडरवारा पुलिस ने शातिर दीपक वर्मा को धर दबोचा। आरोपी दीपक ने चोरी की वारदात कबूल की। पुलिस ने चोरी की गई रक़म और सोने की ज्वेलरी को ज़ब्त किया है। साथ ही आरोपी को जेल भेज दिया है।--------