दिनदहाड़े बस लूट कांड ! चालक से मारपीट कर 50 हजार और सोने की चेन लूटी
एमपी के रीवा में बस कब्जे को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई अब सड़क पर खुलेआम गुंडागर्दी में बदलती नजर आई। दिनदहाड़े दबंगों ने एक बस चालक के साथ मारपीट कर बस छीन ली और फरार हो गए। जाते-जाते बदमाश 50 हजार रुपए नकद और एक सोने की चेन भी लूट ले गए। जानकारी के मुताबिक, बस मालिक संतोष तिवारी और रीवा निवासी दर्शन सिंह परिहार के बीच बसों के संचालन को लेकर विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है और आदेश के बाद तीन बसें संतोष तिवारी को सुपुर्द की जा चुकी हैं। बताया जा रहा है कि उन्हीं बसों में से एक को दोबारा कब्जे में लेने की कोशिश की गई।
घटना उस समय हुई जब बस मरम्मत के बाद हवा डलवाने के लिए रोकी गई थी। तभी आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। चालक के साथ मारपीट की गई और बस लेकर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले पूरी वारदात अंजाम दे दी गई। सूचना मिलते ही सतना पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बगहा रेलवे साइडिंग के पास पुलिस की घेराबंदी सख्त होती देख आरोपी बस छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है, लेकिन आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्शन सिंह परिहार समेत करीब तीन दर्जन लोगों पर गंभीर आरोप दर्ज हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में गहरी नाराजगी है। उनका कहना है कि जब कोर्ट के आदेश के बाद भी इस तरह सड़क पर कब्जे की कोशिश होगी, तो कानून-व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। अब सबकी नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है—क्या आरोपी जल्द सलाखों के पीछे पहुंचेंगे, या फिर दबंगई का यह खेल यूं ही चलता रहेगा?