स्क्रैप कारोबारियों तक पहुंचाती थीं 6 महिला चोर और 3 गुंडे गिरफ्तार, ऑपरेशन त्रिनेत्रम का बड़ा वार
मध्यप्रदेश के देवास के औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर शिकंजा कसा है। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत चोरी, मारपीट और गुंडागर्दी के मामलों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी तकनीक की मदद से चोरी की पूरी चेन का खुलासा किया गया।
थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र में लगातार मिल रही चोरी की शिकायतों के बाद विशेष अभियान चलाया गया। जांच में सामने आया कि करीब 6 महिलाएं क्षेत्र से कीमती सामान चोरी कर उसे स्क्रैप कारोबारियों तक पहुंचाती थीं। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज खंगालने के बाद पुलिस सीधे आरोपियों तक पहुंची और सभी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चोरी के माल की सप्लाई चेन और अन्य संदिग्धों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी का सामान किन-किन स्थानों पर बेचा गया। इसके अलावा मारपीट और गुंडागर्दी के एक मामले में तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी क्षेत्र में दहशत फैला रहे थे और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त थे। स्थानीय व्यापारियों की शिकायतों के बाद इन पर नजर रखी जा रही थी।
कार्रवाई के बाद औद्योगिक क्षेत्र के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से क्षेत्र में चोरी और गुंडागर्दी की घटनाओं से लोग परेशान थे। थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने साफ कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब अन्य संदिग्धों की तलाश में भी जुटी है।