स्टेयरिंग फेल, 5 फीट नीचे गि री यात्री बस, 35 सवार, 5 लोग पहुंच गए अस्पताल
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गौतम ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 5 फीट नीचे जा गिरी। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे में पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। जानकारी के अनुसार, बस सुबह लगभग 10 बजे पतुलखी से रीवा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस मुनमा मोड़ के पास पहुंची, अचानक उसका स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पलों में बस सड़क से नीचे उतर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंडेक्टर ने हिम्मत दिखाते हुए बस को रोकने का प्रयास किया। वह नीचे उतरकर टायर के नीचे पत्थर लगाने लगा ताकि बस रुक सके, लेकिन ढलान और भारी वजन के कारण बस फिसलती हुई करीब 5 फीट नीचे जा गिरी। बस में स्कूली बच्चे और कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। गांव के सरपंच रमेश कोरी और अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में स्टेयरिंग फेल होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल वाहन की तकनीकी जांच की जा रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। अस्पताल में भर्ती घायलों का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल यात्रियों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। समय रहते राहत कार्य शुरू हो जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन सवाल यह है कि आखिर बस की फिटनेस और तकनीकी जांच में लापरवाही तो नहीं हुई? अब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।