अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़, 1.49 करोड़ के 5900 पौधे जब्त ! ऑपरेशन प्रहार की बड़ी कामयाबी
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना चैनपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5,900 गांजे के पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों की कुल कीमत करीब 1.49 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक पहली कार्रवाई ग्राम सेन्द्रीयाघाटी गुवाडा में की गई, जहां से 5,500 गांजे के पौधे बरामद हुए। इनका कुल वजन लगभग 2,811 किलो बताया गया है और बाजार मूल्य करीब 1.40 करोड़ रुपये आंका गया है।
दूसरी कार्रवाई ग्राम तिखली बैडी पीडी जामली में हुई, जहां से 400 पौधे जब्त किए गए। इनका वजन 168 किलो 840 ग्राम है और अनुमानित कीमत करीब 8.49 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों जुवानसिंग और मांगीलाल के खिलाफ थाना चैनपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल और एसडीओपी राकेश आर्य के मार्गदर्शन में की गई। सटीक सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर इस अवैध खेती का भंडाफोड़ किया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और साफ संदेश गया है कि अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।