तीन ट्रक चालकों पर 30 हजार का जुर्माना, ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती, यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई
एमपी के सागर संभाग के दमोह में ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी दलवीर सिंह मार्को ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे तीन ट्रक चालकों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बुधवार को यातायात थाना दमोह द्वारा मारूतल बायपास चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मालवाहक, भारी वाहन और यात्री वाहनों की गहन जांच की गई। दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की अल्कोहल टेस्टिंग भी की गई।
चेकिंग के दौरान तीन ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। मौके पर ही ट्रकों को जब्त कर चालकों के खिलाफ प्रकरण तैयार किया गया। गुरुवार को आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 30 हजार रुपये की दंडात्मक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनज़र यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।