सागर- शादी में बैंड वाले की गई थी जान,बंसल समाज बोला आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले
सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में बीते 12 फरवरी को शादी समारोह में गोली मारकर एक बैंड बाजा बजाने वाले युवक की जान ले ली गयी थी। मामले में सागर जिले के खुरई में बंसल समाज ने कड़ी से कड़ी सजा समेत अन्य मांगों को लेकर जुलूस निकाला।
इस दौरान ज्ञापन में कहा गया की बीते 12 फरवरी की रात को सागर में शादी समारोह में बैंड बाजा बजा रहे विवेक बंसल से फरमाईश के मुताबिक बाजा बजाने की बात कही गयी। उसने कुछ देर बाद ऐसा करने कहा तो आरोपी ने गोली मारकर उसका मर्डर कर दिया। वाद्य यंत्र बजाने वाला अनुसूचित जाति और कमजोर व्यक्ति जानकर निर्मम तरीके से दबंगई से उसकी जान ले ली। इसलिए सभी सर्व समाज के लोगों की मांग है की दोषी व्यक्ति को कड़ी सजा दी जाए।
खुरई में बंसल समाज के लोगों ने जुलूस निकालकर राज्यपाल के नाम एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। साथ ही कहा गया की विवेक बंसल के किसी भी परिवार के व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए। परिवार को शासन द्वारा एक करोड़ रूपए की राहत राशि जल्द से जल्द दी जाए। मर्डर करने वाले आरोपी के मकान, दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त किया जाए। इस मामले में सक्षम पुलिस अधिकारीयों को निर्देशित किया जाए की सम्पूर्ण अनुसंधान में किसी भी किस्म की कोई लापरवाही और पक्षपात न किया जाए। अगर सम्बंधित अधिकारी द्वारा किसी भी प्रकार की घोर लापरवाही की जाती है तो उसे भी दण्डित किया जाए। इसके अलावा समाज के लोगों ने मांग की है कि शादी विवाह और अन्य संस्कारों में वाद्य यंत्र बजाने वाले सभी संगीतकार, फ़िल्मी, गीतकार, ऑर्केस्ट्रा वालों को भविष्य में सुरक्षा प्रदान की जाए। जिससे भय, डर का वातावरण पैदा न हो साथ ही मर्डर जैसी घटनाएं घटित न हो।-