महिला कांग्रेस का ठेले पर स्कूटी-सिलेंडर रखकर हल्ला बोल,कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प
मोहन यादव सरकार का बुधवार को बजट पेश किया गया। लेकिन इस बजट में महिलाओं को महंगाई से कोई राहत नहीं मिलने के विरोध में महिला कांग्रेस ने भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान महिला नेत्रियों ने वित्त मंत्री का पुतला जलाया जिससे पुलिस से उनकी झड़प भी देखने मिली। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बैरिकेट पर चढ़ने की भी कोशिश की वहीं पुलिस द्वारा उन्हें रोकने पर गुस्साई महिलाएं सड़क पर बैठ गयी और नारेबाजी करने लगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर हालात तनावपूर्ण हो गए। महिलाओं के हाथों में तख्तियां भी थी। जिन पर स्लोगन लिखे हुए थे। वहीं एक ठेले पर स्कूटी साथ ही सिलेंडर रखकर महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है की प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कार्यकर्ता संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में जमा हुई। इसके बाद ठेले पर स्कूटी और सिलेंडर रखकर मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने नारेबाजी करते हुए निकलीं। इसी दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रेडक्रॉस अस्पताल के पास रोक लिया। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला जलाने की भी कोशिश की। जहां पुलिस ने उन्हें पुतला जलाने से रोका। जिसके बाद महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प के हालात बन गए। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था की बजट में न तो रसोई गैस सस्ती हुई और न ही पेट्रोल-डीजल या घरेलू खर्चों पर कोई राहत दी गई।