Sagar- सामुदायिक भवन के नाम पर मंदिर दिखाकर ढाई लाख निकाले? गोलनी पंचायत में हड़कंप
सागर जिले के खुरई जनपद पंचायत की गोलनी ग्राम पंचायत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बेरखेड़ी गांव में सामुदायिक भवन निर्माण के नाम पर ढाई लाख रुपये की राशि निकाली गई, जबकि जमीन पर ऐसा कोई नया भवन बना ही नहीं। ग्रामीणों का दावा है कि निजी भूमि पर समाज के चंदे से बने संत रविदास मंदिर को ही कागज़ों में सामुदायिक भवन दर्शाकर राशि आहरित कर ली गई। मामले की शिकायत एसडीएम से की गई है।
बेरखेड़ी गांव में स्थित संत रविदास महाराज का मंदिर वर्षों से अहिरवार समाज के चंदे से निर्मित हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार यह मंदिर निजी भूमि पर बना है और हाल के वर्षों में इसका निर्माण पूर्ण हुआ। आरोप है कि सरपंच मनोज राय ने इसी मंदिर पर पीला रंग पुतवाकर उस पर “सामुदायिक भवन” लिखवा दिया और पंचायत मद से ढाई लाख रुपये निकाल लिए।
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्हें इस कथित गड़बड़ी की जानकारी मिली तो उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। उनका आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर यह सीधा-सीधा आर्थिक अनियमितता का मामला है। समाज के लोगों ने खुरई एसडीएम मनोज चौरसिया को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मंदिर का निर्माण समाज के सहयोग से हुआ है, न कि पंचायत निधि से। ऐसे में उसे सामुदायिक भवन दिखाकर राशि निकालना गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है—क्या आरोपों की पुष्टि होगी? क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?