गुल्लक पॉलिटिक्स ! बजट से पहले मध्य प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन राजनीतिक माहौल गरमा गया। प्रदेश का बजट पेश होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने अनोखे अंदाज़ में विरोध दर्ज कराया। हाथों में गुल्लक और तख्तियां लेकर विधायक गांधी प्रतिमा के पास एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश सरकार का खजाना खाली हो चुका है और बजट केवल आंकड़ों का खेल बनकर रह गया है। प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इतने समय में तो बच्चे भी अपनी खाली गुल्लक भर लेते हैं, लेकिन प्रदेश सरकार अब तक खजाना नहीं भर पाई।
उमंग सिंगार ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पर हजारों करोड़ रुपये का कर्ज है, इसके बावजूद मंत्री और विधायक सुविधाओं पर खर्च जारी है। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, जबकि सरकार वित्तीय प्रबंधन में विफल रही है। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया भी शामिल रहे। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के मुद्दों पर जवाब देना होगा और बजट में पारदर्शिता लानी होगी।
गौरतलब है कि आज विधानसभा में प्रदेश का वार्षिक बजट पेश किया जाना है। ऐसे में कांग्रेस का यह प्रदर्शन राजनीतिक संदेश देने की कोशिश माना जा रहा है। सत्तापक्ष की ओर से अब तक इन आरोपों पर औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सदन के भीतर तीखी बहस की संभावना जताई जा रही है। बजट सत्र के दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच टकराव तेज होता दिख रहा है। अब नजर इस बात पर है कि सरकार बजट में क्या घोषणाएं करती है और विपक्ष उनके खिलाफ किस रणनीति के साथ मैदान में उतरता है।