सागर- श्मशान घाट निर्माण में लापरवाही पर सख्ती, निगमायुक्त ने ठेकेदार को नोटिस के दिए निर्देश
सागर में सार्वजनिक निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। विट्ठल नगर वार्ड स्थित श्मशान घाट के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी करने और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा श्मशान घाट के उन्नयन और सुविधाओं के विस्तार हेतु निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने निर्माण सामग्री, संरचनात्मक मजबूती और कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम के सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण होना अनिवार्य है। यदि कहीं भी त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इंजीनियरिंग अमले को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से गुणवत्ता परीक्षण करें और सतत निगरानी बनाए रखें। किसी भी अनियमितता की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए अधिकारियों ने स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि श्मशान घाट जैसे संवेदनशील और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, लेकिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। घरों से निकलने वाला कचरा केवल कचरा वाहन में ही डालें और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं। निरीक्षण के दौरान पार्षद देवेंद्र अहिरवार, वार्ड पार्षद कन्हई पटेल, उपायुक्त एस.एस. बघेल और इंजीनियर दिनकर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं—गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं।