43 किलो क्रिस्टल MD जब्त, CBN का छापा, हाईटेक फैक्ट्री से जुड़े नेटवर्क की तलाश
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई ने ड्रग्स माफिया में हड़कंप मचा दिया है। महू के थवलाय गांव में चल रही एक हाईटेक अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। यह कार्रवाई सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की टीम ने की, जिसमें उज्जैन, मंदसौर, नीमच और जावरा से आई टीमें भी शामिल रहीं। छापे के दौरान टीम ने करीब 43.820 किलोग्राम क्रिस्टल MD और 261.320 किलोग्राम प्रिकर्सर केमिकल बरामद किए। साथ ही ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाली अत्याधुनिक मशीनरी भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। यह अवैध यूनिट घनश्याम यादव के मकान में संचालित हो रही थी, जिसे हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मंदसौर में बस से पकड़े गए दो युवकों से पूछताछ के बाद इस फैक्ट्री का सुराग मिला। उनके पास से भी क्रिस्टल MD बरामद हुई थी। इसी इनपुट के आधार पर सोमवार को करीब 20 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सर्चिंग के दौरान अधिकारियों के होश उस वक्त उड़ गए जब उन्होंने मकान के अंदर हाईटेक लैब जैसी व्यवस्था देखी। फैक्ट्री में प्रतिबंधित केमिकल, रिएक्शन यूनिट, ड्रायर मशीन और पैकेजिंग उपकरण मौजूद थे। इससे संकेत मिलता है कि यह नेटवर्क स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर सक्रिय हो सकता है।
अब CBN यह जांच कर रही है कि प्रिकर्सर केमिकल कहां से सप्लाई हो रहे थे और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि तैयार ड्रग्स किन राज्यों में सप्लाई की जा रही थी। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस हाईटेक ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।