फैक्ट्री में भीषण आग, ISBT के सामने मचा हड़कंप, 12 दमकल ने 2 घंटे में पाया काबू
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इंटर स्टेट बस टर्मिनल यानी ISBT भोपाल के सामने स्थित एक फेब्रिकेशन फर्नीचर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार दिखाई देने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 3:45 बजे फैक्ट्री परिसर से धुआं उठता नजर आया। देखते ही देखते आग ने अंदर रखे फर्नीचर, लकड़ी और प्लाईवुड के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 की दो पुलिस गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साथ ही नगर निगम की करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियां एक-एक कर घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं है। यह फैक्ट्री कस्तूरबा नगर इंडस्ट्री एरिया में ‘मेहता इंडस्ट्री’ के नाम से संचालित बताई जा रही है।
यहां फर्नीचर, लोहे की जालियां-खिड़कियां और प्लास्टिक की टंकियां बनाने का काम होता है। फैक्ट्री के पिछले हिस्से में बने गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लाईवुड और लकड़ी का सामान रखा था, जहां से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।