Sagar- गांव में अवैध शराब के खिलाफ बिगुल,पूर्ण शराबबंदी की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा सामूहिक ज्ञापन
सागर जिले की देवरी तहसील के केसली क्षेत्र स्थित ग्राम झमरा (थावरी) में अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। नशे की बढ़ती समस्या से परेशान गांव के लोगों ने एकजुट होकर पूर्ण शराबबंदी की मांग उठाई और थाना प्रभारी देवरी के नाम सामूहिक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से गांव में अवैध शराब की बिक्री तेजी से बढ़ी है। खुलेआम हो रही इस बिक्री के कारण युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर गाली-गलौज, मारपीट और आपसी विवाद आम हो चुके हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि गांव की शांति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि शराब के दुष्प्रभाव अब घरों तक पहुंच चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि घरेलू हिंसा की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। महिलाएं और बच्चे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का शिकार हो रहे हैं। गांव की मातृशक्ति ने भी इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और साफ कहा कि अब गांव को शराबमुक्त बनाकर ही दम लेंगे। ज्ञापन में मांग की गई है कि गांव में संचालित अवैध शराब के ठिकानों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। शराब के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं और ग्राम झमरा को पूर्ण रूप से ‘शराब मुक्त गांव घोषित करने की दिशा में ठोस पहल की जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन को यह भरोसा भी दिलाया कि वे इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीणों की उपस्थिति ने यह साफ कर दिया कि यह सिर्फ शिकायत नहीं, बल्कि गांव के भविष्य को बचाने की मुहिम है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और झमरा गांव को नशे के जाल से बाहर निकाल पाता है या नहीं।