सागर- बांदरी में उज्जैन जैसी भव्य शाही सवारी, बाबा महाकाल की बारात निकली, खेजरा धाम तक उमड़ा सैलाब
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सागर जिले के बांदरी नगर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। उज्जैन की तर्ज पर बाबा महाकाल की भव्य शाही सवारी निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया। महाकाल भक्त मंडल द्वारा आयोजित यह शाही बारात बांदरी से खेजरा धाम तक निकाली गई, जिसमें एक किलोमीटर से अधिक लंबी झांकियों की कतार आकर्षण का केंद्र बनी रही। दोपहर 4 बजे हनुमान मंदिर से फूलों से सजी पालकी में अलौकिक श्रृंगार से सुसज्जित बाबा महाकाल की सवारी प्रारंभ हुई। ढोल-नगाड़ों, डीजे और बैंड की गूंज के बीच श्रद्धालु बाराती बनकर नाचते-गाते आगे बढ़े। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग—हर वर्ग के लोग इस शाही आयोजन का हिस्सा बने। भैरव डमरू दल और झांझ-मंजीरों की मधुर ध्वनि ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सवारी पिठौरिया चौराहा, मुख्य बस स्टैंड और बंडा तिराहा होते हुए देर शाम खेजरा धाम स्थित महाकाल मंदिर पहुंची, जहां विशेष पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जिस मार्ग से सवारी गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर बाबा का स्वागत किया। जगह-जगह ठंडाई, पानी और खीर का वितरण कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई। महाशिवरात्रि के भजनों की धुन पर भक्तों का उत्साह चरम पर नजर आया। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई स्थानों पर यातायात जाम की स्थिति बन गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत सहित पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालता दिखा। पूरे नगर में देर रात तक महाशिवरात्रि का उत्साह बना रहा। मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा और “हर हर महादेव” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।