MBA छात्रा की हत्या मामले में क्लासमेट गोवा से गिरफ्तार, 11 वीडियो किए वायरल |SAGAR TV NEWS|
मध्यप्रदेश के इंदौर में MBA छात्रा की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। द्वारकापुरी इलाके में 25 वर्षीय छात्रा की हत्या के मुख्य आरोपी, उसके ही क्लासमेट पीयूष धनोतिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गोवा में ट्रेस किया गया, जहां वह मृतका का मोबाइल फोन चालू कर इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गोवा से महाराष्ट्र जा रही ट्रेन से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार 10 फरवरी की रात हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 8 बजे अपने कमरे से निकल गया था। रात 11 बजे उसने छात्रा के मोबाइल से उसकी बहन को एक चौंकाने वाला मैसेज भेजा— “पापा से कहना अब वह घर नहीं लौटेगी।” इस संदेश के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने उसकी सहेलियों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
जांच में एक और सनसनीखेज तथ्य सामने आया है। आरोपी ने दोनों के बीच के 11 आपत्तिजनक वीडियो कॉलेज ग्रुप में शेयर कर दिए। इतना ही नहीं, युवती के वॉट्सऐप स्टेटस पर भी वीडियो अपलोड किए गए और मोबाइल में सेव नंबरों पर भेजे गए, जिससे रिश्तेदारों और परिचितों में दहशत फैल गई। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस आरोपी के कमरे पहुंची, जहां ताला लगा मिला। जांच अधिकारी गोकुल मालवीय ने मकान मालिक को अतिरिक्त ताला लगाकर निगरानी के निर्देश दिए थे। बाद में पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाकर जांच की और आरोपी के पिता से भी पूछताछ की।
परिजनों के मुताबिक युवती आरोपी के साथ रिश्ते को लेकर गंभीर थी और परिवार को बताने वाली थी। लेकिन पुलिस का कहना है कि आरोपी इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहता था, इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है। इस घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है।