Sagar - राई की धुन नहीं बजाने पर बैंड वाले के सीने में गोली मारी, बाराती हिरासत में पुलिस जांच में जुटी
सागर में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग ने एक मासूम की जान ले ली। मोतीनगर थाना क्षेत्र के गोला कुआं के पास बारात में अचानक चली गोली बैंड बजा रहे 15 वर्षीय बच्चे विवेक बंसल के सीने में जा धंसी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, मोतीनगर स्थित सागर सरोज मैरिज गार्डन में सोनी परिवार का विवाह समारोह चल रहा था। बारात गोला कुआं से गार्डन की ओर बढ़ रही थी। बैंड पार्टी सबसे आगे चल रही थी। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने कट्टे से फायर कर दिया।
गोली सीधे विवेक के सीने में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलते ही नाचते-गाते बारातियों में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने फायरिंग करने वाले एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दो कहानियां सामने आई हैं, जिसमें बताया जा रहा है कि हर्ष फायर के दौरान गोली नाबालिग को लगी और मौत हो गई।
वहीं दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि बारात में शामिल दो युवक राई बजाने को लेकर बैंड बजाने वालों से उलझ रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने बंदूक निकाली और पास से ही बैंड बजा रहे विवेक के सीने पर फायर कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मोती नगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि हत्या के मामले में गोली चलने के दो कारण सामने आए हैं। मामले में जांच की जा रही है। वारदात में एक युवक को हिरासत में लिया गया है। वहीं दूसरा युवक फरार है। इसके साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।